नई दिल्ली । नवंबर की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन अब तक कड़ाके की ठंड महसूस नहीं हो रही। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में तापमान धीरे-धीरे गिरने लगा है और मौसम विभाग ने 8 से 15 नवंबर के बीच ठंड बढ़ने का संकेत दिया है।

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बहुत अधिक है, जिससे ठंड का असर कमजोर पड़ा है। यहां की एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार हो गया है, जिससे हवा में सांस लेना मुश्किल हो गया है। आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान लगभग 17.6°C और अधिकतम तापमान 32°C तक रह सकता है। 6 से 11 नवंबर के बीच तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है, लेकिन प्रदूषण और धुंध से राहत नहीं मिलेगी।

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, कुपवाड़ा, और पहलगाम जैसे इलाकों में तापमान 1°C से 6°C तक गिर सकता है। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी तापमान शून्य के करीब पहुंचने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान 18-20°C के बीच रह सकता है, जिससे ठंड का असर बढ़ रहा है।

उत्तर प्रदेश और राजस्थान: दोनों राज्यों में अभी ठंड हल्की है। यूपी के पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में हल्की धुंध और कोहरा हो सकता है। राजस्थान में न्यूनतम तापमान 20°C के आसपास रहेगा।

पंजाब और हरियाणा: ठंड अभी सामान्य स्तर पर है, अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 16-17°C के बीच रहेगा।

मध्य प्रदेश और बिहार: मध्य प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, और अधिकतम तापमान 33°C तक जा सकता है। बिहार में प्रदूषण का स्तर अधिक है और यहां भी ठंड 8 नवंबर के बाद महसूस हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 8 से 15 नवंबर के बीच ठंड में बढ़ोतरी की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर जल्द ही मैदानी क्षेत्रों में भी दिखने लगेगा।