नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल चुका है। पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है, जिसका असर उत्तर भारत के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने कल के लिए तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक में बारिश की संभावना जताई है। वहीं दिल्ली से लेकर यूपी और बिहार तक घना कोहरा देखने को मिलेगा। जानिए कल कहां-कैसा मौसम रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में लगातार ठंड बढ़ रही है। बुधवार को दिल्ली में इस मौसम की दूसरी सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक, 10.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। आईएमडी ने आज रात में तापमान के नौ डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान भी जताया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिन में दिन के तापमान में भी कमी आएगी और ठंड बढ़ेगी।
कश्मीर घाटी के ज्यादातर हिस्सों में रात का तापमान शून्य से नीचे जाने के कारण श्रीनगर शहर और कश्मीर के अन्य इलाकों में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो पिछली रात शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में पारा और नीचे गिरेगा। वहीं घाटी के ज्यादातर इलाकों में बर्फभारी के भी आसार हैं।
कल कहां-कितना रहेगा तापमान?
शहर | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
---|---|---|
दिल्ली | 10 | 25 |
नोएडा | 11 | 26 |
गाजियाबाद | 11 | 26 |
पटना | 16 | 26 |
लखनऊ | 11 | 26 |
जयपुर | 12 | 26 |
भोपाल | 10 | 27 |
मुंबई | 15 | 32 |
अहमदाबाद | 16 | 32 |
जम्मू | 12 | 22 |