आगरा। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि होटल में लगाई गई आईडी के आधार पर पुलिस ने गांव रतमानगढ़ी, मनपुरा थाना मुरसान हाथरस निवासी लोकेश और उसकी पत्नी माया देवी को पकड़ा।
आगरा स्थित टेढ़ी बगिया (ट्रांस यमुना) के एक होटल की बालकनी से असम की किशोरी ने कूदकर अपनी अस्मत बचाई थी। इस मामले में दो दिन बाद पुलिस ने असम राइफल के पूर्व जवान और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पूर्व जवान ने नशे में होटल के कमरे में किशोरी को दबोचा था। किशोरी बचने के लिए कूद गई थी। मामले में होटल संचालक और कर्मचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
बुधवार तड़के चार बजे घटना हुई थी। असम की 17 वर्षीय किशोरी एक दिसंबर को घरवालों से नाराज होकर चार दिन पहले घर से निकली थी। गुवाहाटी स्टेशन पर मिली महिला नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे आगरा ले आई थी। मंगलवार रात को टेढ़ी बगिया स्थित होटल में रुकी थी। महिला ने एक व्यक्ति को बुलाया था। उसने किशोरी को दबोच लिया। उसके साथ गलत करने की कोशिश की। बचने के लिए वह होटल की बालकनी से कूद गई थी। उसके दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि होटल में लगाई गई आईडी के आधार पर पुलिस ने गांव रतमानगढ़ी, मनपुरा थाना मुरसान हाथरस निवासी लोकेश और उसकी पत्नी माया देवी को पकड़ा। माया देवी मूलरूप से जिला कंगला, मणिपुर की है। पुलिस की पूछताछ में लोकेश ने बताया कि वह असम राइफल का पूर्व जवान है। असम में तैनाती के दौरान उसकी मुलाकात मणिपुर की माया से हुई थी। उसे नशे में ड्यूटी और लापरवाही के चलते असम राइफल से निकाल दिया गया था।
वर्ष 2015 में उसने माया देवी से शादी कर ली। दोनों शादी समारोहों व अन्य कार्यक्रमों में हलवाई का काम करते हैं। गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर माया को किशोरी मिल गई। वह उसे अपने साथ मजदूरी के लिए उसे ले आई थी। लोकेश और माया के खिलाफ अपहरण, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेजा गया।
होटल की बालकनी से किशोरी ने छलांग लगाई थी। घटना के बाद संचालक और कर्मचारी फरार हो गए थे। उन्होंने पुलिस को भी सूचना नहीं दी थी। इस मामले में होटल संचालक की लापरवाही सामने आई। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। होटल के नाम का जिक्र नहीं किया, जबकि पुलिस ने होटल पहुंचकर जांच की थी। उस पर सील लगाई थी। किशोरी को लेकर आने वाले ही पकड़े गए। इससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।