नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले महिला सम्मान योजना को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग का नोटिस, फिर भाजपा का बयान और अब कांग्रेस ने भी इस विवाद पर मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी की महिला सम्मान योजना के खिलाफ दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से शिकायत की है।
गुरुवार को कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी की महिला सम्मान योजना के खिलाफ दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात की। उन्होंने एलजी से इस योजना को लेकर शिकायत की है। मीडिया से बातचीत के दौरान संदीप दीक्षित ने कहा कि उपराज्यपाल ने मेरी बात को सुना है। वह मामले की जांच कराएंगे। एलजी ने कहा है कि अगर जांच में सबूत पाए जाते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। जीत से पहले एक हजार रुपये और जीतने के बाद महिलाओं को 2100 रुपये महीना दिए जाएंगे।
महिला सम्मान निधि के नाम पर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच घमासान छिड़ गया है। आम आदमी पार्टी ने महिला सम्मान योजना के नाम पर अब तक 20 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन कराने का दावा किया है, वहीं भाजपा ने इस पूरी योजना को एक फ्रॉड बताकर केजरीवाल का घेराव किया है। दिल्ली के महिला और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी चेतावनी के कारण भी लोगों में संदेह बढ़ गया है। क्या इससे महिला सम्मान पाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वालों पर कोई असर पड़ेगा?
अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं के लिए महिला सम्मान योजना की घोषणा की थी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में हर महीने सरकार एक हजार रुपये भेजेगी। वहीं, केजरीवाल ने चुनाव के बाद महिलाओं को एक हजार की जगह 2100 रुपये देने की भी बात कही। केजरीवाल का दावा है कि दोबारा आप की सरकार बनने पर यह राशि 2100 रुपये कर दी जाएगी। अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, हर महिला के अकाउंट हर महीने कुछ पैसे डलवाने का वादा बीते मार्च में किया था। 18 वर्ष से अधिक उम्र की हर महिला को योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए महिलाओं को रजिस्ट्रेशन करना होगा। जो महिलाएं रजिस्ट्रेशन करेंगी उनके अकाउंट में हर महीने पैसे आने शुरू हो जाएंगे।