नई दिल्ली : दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। परेड सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किले तक जाएगी। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने यातायात को लेकर खास निर्देश जारी किए हैं। कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक और डायवर्जन लागू होगा।

परेड मार्ग पर यातायात प्रतिबंध

विजय चौक से लाल किले तक परेड के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। एसीपी डीके गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात 9:15 बजे से सी-हेक्सागन क्षेत्र में यातायात पर रोक लगाई जाएगी। परेड विजय चौक, कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग होते हुए लाल किले तक जाएगी।

वाहनों की आवाजाही पर रोक
शनिवार शाम 5 बजे से परेड समाप्त होने तक विजय चौक से इंडिया गेट तक वाहनों को जाने की इजाजत नहीं होगी।
रात 10 बजे से रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड पर किसी वाहन का क्रॉस ट्रैफिक नहीं चलेगा।
रविवार सुबह 9:15 बजे से तिलक मार्ग तक ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा।

मेट्रो सेवाएं चालू रहेंगी
गणतंत्र दिवस के दौरान दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सभी स्टेशनों पर उपलब्ध रहेंगी।

ऑटो और टैक्सी पर पाबंदी

टैक्सी पर पाबंदीरविवार सुबह 7 बजे के बाद कई इलाकों में ऑटो और टैक्सी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इनमें मदर टेरेसा क्रीसेंट, बाबा खड़क सिंह मार्ग, अशोक रोड, संसद मार्ग, कस्तूरबा गांधी मार्ग, फिरोजशाह रोड, हुमायूं रोड और केमल अतातुर्क मार्ग शामिल हैं।

परिवर्तन मार्गों की जानकारी
शिवाजी स्टेडियम से आने वाली बसें रिंग रोड और एनएच-24 से होकर भैरों रोड पर जाएंगी।
गाजियाबाद से आने वाली बसें मोहन नगर के जरिए वजीराबाद ब्रिज का इस्तेमाल करेंगी।
उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर की ओर जाने वाले लोग आश्रम चौक, सराय काले खां, आईपी फ्लाईओवर और राजघाट के रास्ते रिंग रोड का उपयोग कर सकते हैं।

दिल्ली पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे परेड वाले मार्ग और उससे जुड़े इलाकों में जाने से बचें और दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें।