रामपुर. उपतहसील नित्थर में लोग कई कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। अस्पतालों में भी स्टाफ की कमी है। समस्याओं को लेकर क्षेत्र का प्रतिनिधिमंडल शिमला में शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर से मिला। इस दौरान विधायक किशोरी लाल सागर भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नित्थर को कई महीने पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा तो मिला, लेकिन यहां एक भी चिकित्सक नहीं है। शहीद डोला राम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कई शिक्षकों के पद खाली चल रहे हैं। विज्ञान के प्रवक्ता नए सत्र में नहीं आते हैं तो विज्ञान संकाय खत्म हो सकता है। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने जल्द रिक्त शिक्षकों के पदों को भरने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा नित्थर क्षेत्र की काफी समय से बड़ी मांग है कि एक मल्टी ऑफिस बिल्डिंग बने।
जिसके लिए जगह भी निश्चित की गई है, पर बजट अभी तक मंजूर नहीं हो पा रहा है। उपतहसील कार्यालय, बिजली बोर्ड, बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय और पशु औषधालय जैसे कई कार्यालय निजी भवन में चल रहे हैं। नित्थर की मुख्य सड़क की हालत भी दयनीय बनी हुई है। इस मौके पर बीडीसी अध्यक्ष निरमंड दलीप ठाकुर, भाजपा ग्राम केंद्र अध्यक्ष मदन गोस्वामी, विक्रम ठाकुर, केयर सिंह ठाकुर, सतीश ठाकुर, चंद्रपाल शर्मा, सुशील ठाकुर और संतोष शर्मा मौजूद रहे।