आगरा. ताजमहल की मस्जिद में नमाज पढ़ने पर सीआईएसएफ ने बुधवार को चार पर्यटकों को पकड़ लिया। इनमें तीन पर्यटक हैदराबाद के रहने वाले हैं, एक पर्यटक आजमगढ़ का है। सीआईएसएफ ने चारों को ताजगंज थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने ताजमहल में केवल शुक्रवार को नमाज की अनुमति होने की बात कही है।
केवल शुक्रवार को नमाज की अनुमति
ताजमहल के मुख्य मकबरे की पश्चिमी दिशा में शाही मस्जिद बनी हुई है। नियमानुसार ताजमहल शुक्रवार को पर्यटकों के लिए बंद रहता है, लेकिन यहां स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने वालों के लिए दोपहर 12 से दो बजे तक स्मारक खुलता है। बुधवार को चार पर्यटकों ने मस्जिद में नमाज अदा की। इस पर उन्हें पकड़ लिया गया। एएसआई के मुताबिक ताजमहल की मस्जिद में केवल शुक्रवार को नमाज की अनुमति है।
इंतजामिया कमेटी- मस्जिद के बाहर लगाएं आदेश का नोटिस
इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष इब्राहिम जैदी ने कहा कि ताजमहल की मस्जिद में हमेशा से नमाज होती चली आ रही है। अभी कुछ दिनों से एएसआई ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देकर कहा कि रोजाना की नमाज पर पाबंदी लगा दी है। इंतजामिया कमेटी ने एएसआई से लिखित में ऐसा आदेश मांगा है। कमेटी ने कहा कि अगर ऐसा आदेश है कि एएसआई को मस्जिद के बाहर इस तरह का बोर्ड लगा देना चाहिए।
एक महीने से बढ़ा ताजमहल पर विवाद
बीते एक महीने से ताजमहल पर विवाद अधिक बढ़ा है। बीते महीने अयोध्या के महंत परमहंस दास ने ताजमहल को तेजोमहालय शिव मंदिर बताकर स्मारक में भूमि पूजन का एलान किया था। हालांकि पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। एक रात नजरबंद रखा। इसके बाद पुलिस अभिरक्षा में अयोध्या वापस भेज दिया। इसके बाद अयोध्या के एक भाजपा नेता ने ताजमहल के बंद कमरों को खुलवाने की मांग को लेकर हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में याचिका दायर की, जिसे खारिज कर दिया। अब नमाज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।