नई दिल्ली: दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी खींचतान देखने को मिल रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच टकराव की स्थितियां बनती नजर आ रही हैं। दरअसल दिल्ली कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को अब AAP में अपना भविष्य दिखने लगा है और वह तेजी से कांग्रेस को अलविदा कहने लगे हैं। कांग्रेस को एक बाद एक झटका लगने का सिलसिला जारी है।

मतीन अहमद के बाद शुक्रवार को कांग्रेस नेता और सीमापुरी से तीन बार के विधायक वीर सिंह धींगान भी AAP में शामिल हो गए हैं। खुद पार्टी के राष्ट्रीय संजोयक अरविंद केजरीवाल ने उनका स्वागत किया है। उधर AAP की चुनावी सक्रियता को देखकर कांग्रेस काफी खफा है। दो दिन पहले कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने एक इंटरव्यू में आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि केजरीवाल ‘गठबंधन धर्म’ नहीं निभा रहे हैं।

मतीन अहमद ने भी थामा AAP का हाथकांग्रेस नेता और सीलमपुर से पांच बार विधायक रहे मतीन अहमद भी बीते 10 नवंबर को AAP में शामिल हो गए थे। इससे कुछ दिन पहले ही उनके बेटे और बहू भी आप में शामिल हुए थे। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस की दिल्ली इकाई के वरिष्ठ नेता अहमद के पार्टी में शामिल होने की औपचारिक घोषणा की थी।

कांग्रेस पार्षद भी AAP के समर्थन मेंगुरुवार को कांग्रेस पार्षद और उनके पत‍ि ने पार्टी से इस्‍तीफा देते हुए मेयर चुनाव में AAP का समर्थन करने की घोषणा की। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को इस्तीफा भेजते हुए पार्षद सबीला बेगम के पत‍ि मोहम्मद खुशनूद ने लिखा कि मेयर चुनाव से दूर रहकर हम बीजेपी का समर्थन नहीं कर सकते। अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि मैं मोहम्मद खुशनूद और मेरी पत्नी सबीला बेगम (निगम पार्षद मुस्तफाबाद वार्ड 243) कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हैं।

अरविंद केजरीवाल का जोश हाईअरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि अन्य दलों के नेताओं का AAP में शामिल होने का रुझान इस बात का संकेत है कि पार्टी तीसरी बार बड़े बहुमत के साथ सत्ता में लौटने वाली है। वीर सिंह धींगान का AAP में स्वागत करने के बाद केजरीवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा प्रदर्शन के आधार पर शहर में वोट मांगे हैं और यही कारण है कि अन्य दलों के अच्छे नेता आम आदमी के साथ जुड़ना चाहते हैं। केजरीवाल ने कहा कि पार्टी फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनावों में अच्छे उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है क्योंकि न तो आप और न ही देश किसी की जागीर है। हम इस बात पर जोर देंगे कि केवल अच्छे लोगों को ही टिकट मिले।