बिजनौर। गंगा खादर में विवादित हैदरपुर वेटलैंड की जमीन पर किसानों की गेहूं फसल को वन और सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने ट्रैक्टर जुताई करा दी। इसके विरोध में शुक्रवार को भाकियू पदाधिकारियों व किसानों ने घटना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन कर धरना दिया। आंदोलित किसानों ने वहां मौजूद अधिकारियों को धरने पर अपने बीच बैठाया। कई घंटे की वार्ता के उपरांत गेहूं कटाई के बाद भूमि चिह्नित करने पर सहमति बनी।
भाकियू मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर, जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह उर्फ सोनू चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष सरदार वरिंदर सिंह बाठ के नेतृत्व जिले के पदाधिकारी व कार्यकर्ता रावली पहुंचने। सूचना पर मुजफ्फरनगर के भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा और जिला उपाध्यक्ष सर्वेंद्र चौधरी के नेतृत्व में अनेक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। आंदोलित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अफसरों को धरने पर अपने बीच बैठाया।
गंगा तट पर भाकियू पदाधिकारी और प्रशासन के बीच 4 घंटे की वार्ता चली। मंडलाध्यक्ष बाबूराम तोमर ने बताया वार्ता में भाकियू की गेहूं की फसल काटने के बाद वेटलैंड की भूमि की पैमाइश कराने की मांग पर सहमति बनी। इस पर ही धरना प्रदर्शन समाप्त किया। इससे पहले भाकियू के मुरादाबाद मंडलाध्यक्ष बाबूराम तोमर ने भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत से फोन पर इस मामले को बताया। भाकियू के धरने प्रदर्शन में जितेंद्र पहलवान, डॉ. विजय चौधरी, सतपाल सिंह, मनप्रीत सिंह संधू, विजय सिंह पहलवान, कविराज सिंह, बाकर अहमद आदि रहे।