हरियाणा से सटे पहाड़ी इलाके में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां हरियाणा से सटे राजस्थान के पहाड़ी क्षेत्र के गांव बिजासन में अवैध खनन कर पहाड़ों में धमाके कर पत्थर निकालने गए पोकलेन चालक सहित मजदूर की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छह सात वाहन टूट कर गिरी चट्टान के मलबे के नीचे दबे हैं। जिन्हें निकालने के लिए राहत कार्य किया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और शवों को सीकरी के अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा से सटे राजस्थान के पहाड़ी क्षेत्र में लीज लेकर खनन का कार्य किया जाता है, लेकिन कुछ दबंग लोगों द्वारा खसरा नंबर 68/11 में भी गत दिवस पूर्व ब्लास्टिंग कर पत्थर निकालने का कार्य किया जा रहा था।
हादसा उस समय हुआ जब पोकलेन और मजदूर की सहायता से पत्थरों को भरने का कार्य किया जा रहा था। उसी दौरान एक चट्टान गिरने से चालक शहजाद उर्फ सद्दाम निवासी निहारिका थाना फिरोजपुर झिरका और एक अन्य मजदूर अजरू पुत्र इस्लाम निवासी आगोन की चट्टान गिरने से मौके पर मौत हो गई।
अचानक दरके पहाड़ के मलबे में दो पोकलेन और चार डंपर सहित अन्य वाहन भी दबे गए, जिन्हें निकालने का कार्य किया जा रहा है।
घटना की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए राजस्थान के सीकरी अस्पताल ले जाए गए। जहां शवों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। लोगों का कहना है कि अवैध खनन कर उक्त लोग लीज मालिक और उसके एक साथी की मदद से अवैध खनन के कार्य को अंजाम दे रहे थे।