बिजनौर।  उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में स्कूल से घर जा रही छात्रों के पास जाकर बाइक सवार मनचलों ने अवैध हथियारों से फायरिंग कर दी। जिससे वहां मौजूद छात्राओ में भगदड़ मच गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन दो घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। सोमवार को चंदक स्थित इंटर कालेज की ग्रीष्मकालीन छुट्टी घोषित हुई है। स्कूल की छुट्टी के बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे छात्र छात्राएं अपने घर जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान चंदक-पुंडरी मार्ग पर बाइक पर सवार कुछ मनचलों ने घर जा रही छात्राओं के समीप जाकर अवैध हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। घटना से छात्राओं में भगदड़ मच गई। उधर से गुजरने वाले राहगीरों में भय व्याप्त हो गया। घटना के बाद युवक घटना स्थल से फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार मनचले एक युवती को उसके भाई के साथ जाता देख आग बबूला हो गए, जिसके बाद उन्होंने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस भी लापरवाह नजर आई।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। मंडावर थाना अध्यक्ष रवि तोमर का कहना है कि मनचलों द्वारा फायरिंग करने की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है।