लखनऊ। Mission 2024 नरेंद्र मोदी सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों के साथ जनता के पास पहुंचाने और इसके जरिए 2024 के लिए मजबूत माहौल बनाने की कोशिशों में प्रदेश भाजपा जुट गई है। समाज के हर वर्ग को साधने और शहरों से गांवों व टोलों तक इन उपलब्धियों को ले जाने के लिए भाजपा का एक माह का महासंपर्क अभियान 30 मई से शुरू हो रहा है।
महासंपर्क अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में अभियान को लेकर पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की गई। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी महासंपर्क अभियान चलाएगी।
अभियान के माध्यम से शहर, गांव, गली, मोहल्ले, मजरे व टोलों तक पहुंचकर पार्टी मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी। प्रदेश स्तर पर महासंपर्क अभियान के लिए आठ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह को पश्चिम क्षेत्र, त्रयम्बक त्रिपाठी को अवध, प्रदेश मंत्री शंकर गिरि को गोरखपुर, शंकर लोधी को काशी, पूनम बजाज को कानपुर,बंसत त्यागी को ब्रज क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी के साथ मीडिया की जिम्मेदारी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सहप्रभारी हिमांशु दुबे तथा इंटरनेट मीडिया की जिम्मेदारी प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक अंकित चंदेल संभालेगें।