नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया। केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई योजनाओं की जानकारी दी।
भाजपा और एनडीए के सांसदों ने राष्ट्रपति के अभिभाषण की तारीफ की। केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण बहुत अच्छा था और उन्होंने सरकार के सभी बिंदुओं के बारे में भी बताया।
उन्होंने सरकार की प्राथमिकता और देश के युवाओं के लिए सरकार द्वारा किए गए कामों का भी जिक्र किया है। इसके अलावा, पिछले 10 साल में देश के बुनियादी ढांचों को मजबूत करने के लिए जो काम हुआ है, उस पर बात की गई।”
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मेरी सरकार का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ है और इसी पर हम काम कर रहे हैं। राष्ट्र प्रथम की भावना से सरकार आगे बढ़ रही है। संसदीय बुलेटिन के अनुसार, बजट सत्र दो चरणों में होगा। संसद के बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी को शुरू होगा, 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा और 13 फरवरी को समाप्त होगा। बजट सत्र का दूसरा भाग 10 मार्च को शुरू होगा और 4 अप्रैल को समाप्त होगा।