अनूपशहर। नगर पालिका बोर्ड बैठक में विकास कार्यों के साढ़े चार करोड़ से अधिक के प्रस्तावों को सभासदों ने स्वीकृति दी है। साथ ही गृह, जल और सीवर की दरें बढ़ाने के प्रस्ताव पर इस बार भी सहमति नहीं बनी। अब अगली बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा।
नगर पालिका सभागार में मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कुल 12 प्रस्तावों पर सभासदों ने चर्चा की। इनमें से 11 प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी गई। एक प्रस्ताव को अगली बैठक में रखने के लिए सहमति दी गई।
इस दौरान शहर में करीब साढ़े चार करोड़ की लागत से सड़क, नाली निर्माण व पेयजल की व्यवस्था के कार्यों के प्रस्तावों को सभासदों ने सहमति दी।
इसके अलावा दो प्रतिशत अतिरिक्त स्टांप शुल्क से प्राप्त धनराशि के विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी गई। गंगा नदी के मध्य में भगवान शिव और मां गंगा की भव्य मूर्तियां स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी सभासदों ने अपनी सहमति दी। सभासद कुमुद दुबे ने गीता उपदेश देते भगवान श्रीकृष्ण की रथ सवार प्रतिमा लगाए जाने का प्रस्ताव रखा।
जिस पर तय किया गया कि पंडित देवदत्त शर्मा द्वार के निर्माण में एक विशेष आकर्षण जोड़ा जाएगा, जहां तीन पिलर पर भगवान श्री कृष्ण को अर्जुन को गीता का उपदेश देते हुए दर्शाया जाएगा। इसके अलावा गृह और जल के साथ सीवर कर वृद्धि के प्रस्ताव को अगली बैठक के लिए सहमति दी गई। बताते चलें कि कर बढ़ोतरी न होने के कारण शासन ने नगर पालिका को मिलने वाली टाइड और अनटाइड ग्रांट पर रोक लगा दी है।
इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र के शौचालयों को निजी संस्था के माध्यम से संचालित कराने, मोहल्ला मदार गेट के पुराने शौचालयों का दोबारा से निर्माण, चार्टर्ड एकाउंटेंट अगले साल के लिए चयनित करने, मृतक आश्रित में नौकरी पाने वाले कर्मचारियों के स्थायीकरण के लिए सभासदों ने चर्चा की।
बैठक का संचालन लेखाकार संजय कुमार यादव ने किया। मौके पर अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी, सभासद शीला शर्मा, मनोज कुमार, सरिता, पुष्पा देवी, सीमा, रागिब हुसैन, विशाल, हिना, राखी, शशि देवी, दीपक कुमार, संदीप, भरत उपस्थित रहे।