नई दिल्ली : देश 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का जश्न मनाएगा। इस खास मौके पर राष्ट्रपति भवन ने छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के बैगा आदिवासी परिवारों को दिल्ली आने का निमंत्रण दिया है। ये परिवार दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ऐसे तीन बैगा आदिवासी परिवारों को निमंत्रण भेजा है। इनमें एक परिवार जगातिन बैगा और उनके पिता फूल सिंह का है। निमंत्रण मिलने के बाद से ही ये परिवार काफी उत्साहित हैं और दिल्ली जाने की तैयारियां कर रहे हैं। फूल सिंह ने बताया कि उन्होंने कभी दिल्ली नहीं देखा, इसलिए यह अनुभव उनके लिए खास होगा।
गणतंत्र दिवस पर ये परिवार न केवल परेड देखेंगे बल्कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात भी करेंगे। वे राष्ट्रपति के साथ भोजन करेंगे और प्रधानमंत्री आवास व संसद जैसी प्रमुख जगहों का दौरा भी करेंगे।
बैगा जनजाति को “पर्टिकुलर वल्नेरेबल ट्राइबल ग्रुप (PVTG)” में शामिल किया गया है। इस समुदाय को अभी भी बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ता है। आजादी के इतने साल बाद भी इनके कई गांवों का विकास नहीं हो पाया है। राष्ट्रपति मुर्मू खुद भी आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखती हैं, इसलिए उनके इस कदम को आदिवासी समाज के लिए एक बड़ी पहल माना जा रहा है।