नई दिल्ली : दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट पर हंगामा मचा हुआ है। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दावा किया है कि उनकी पत्नी का नाम वोटर लिस्ट से कटवाने के लिए आवेदन दिया गया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर यह आरोप जड़ा। वहीं, भाजपा ने अब संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह का एक एफिडेविट दिखाकर पलटवार किया है। भाजपा का कहना है कि इस शपथपत्र में अनीता सिंह ने खुद को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में वोटर बताया है।
भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर एफिडेविट को शेयर किया है। उन्होंने लिखा, ‘जो आदमी अपनी पत्नी को राजनीति के दलदल में घसीटने से भी न चूके, उससे अधिक गिरा हुआ इंसान और कौन हो सकता है? यह अनीता सिंह, संजय सिंह की धर्मपत्नी का एफिडेविट है, जिसमें वह कह रही हैं कि वह सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश की वोटर हैं। अब जो दिल्ली की वोटर ही नहीं हैं, उनका नाम भला दिल्ली की वोटर लिस्ट से कैसे कटवाया जा सकता है? और यदि उन्होंने एफिडेविट में स्वयं को सुल्तानपुर का वोटर बताया है, लेकिन दिल्ली में भी वोट करती हैं, तो यह कानूनन अपराध है। अब संजय सिंह को तय करना चाहिए कि अपनी पत्नी को और कितना अपमानित करवाना है।’
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी इसी एफिडेविट को शेयर किया है। तिवारी ने कहा कि उन्होंने एक डिबेट शो में संजय सिंह को एक उदाहरण बताने को कहा था जहां किसी पूर्वांचली का वोट बीजेपी कार्यकर्ता ने कटवाया हो। मनोज तिवारी ने कहा, ‘आपने भाभी को ही झूठी राजनीति का शिकार बना दिए। अब उनकी बेइज्जती हो रही है तो मुझे बुरा लग रहा है।’
भाजपा सांसद ने लिखा, ‘दोस्तों यह अनीता सिंह जी, संजय सिंह की धर्मपत्नी का ही एफिडेविट है, जिसमें वह कह रही हैं कि वह सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश की वोटर हैं। अब जो दिल्ली की वोटर ही नहीं हैं, उनका नाम भला दिल्ली की वोटर लिस्ट से कैसे कटवाया जा सकता है? और यदि उन्होंने एफिडेविट में स्वयं को सुल्तानपुर का वोटर बताया है, लेकिन दिल्ली में भी वोट करती हैं, तो यह कानूनन अपराध है। अब दिल्ली को तय करना चाहिए कि आम आदमी पार्टी झूठ के दलदल में कितनी गिरेगी इलीगल बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्यायों को बचाने के लिए।’