नई दिल्ली।  आप ने दिल्ली पुलिस पर कथित तौर पर अरविंद केजरीवाल से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री चलाने पर रोक लगाने का दावा किया है। ‘आप’ सूत्रों का कहना है कि भाजपा के कहने पर दिल्ली पुलिस ने डॉक्यूमेंट्री अनब्रेकेबल की स्क्रीनिंग पर रोक लगाई है। बता दें कि यह डॉक्यूमेंट्री अनब्रेकेबल आप नेताओं के जेल जाने को लेकर बनी है। आज 11:30 बजे प्यारे लाल भवन (आईटीओ) में डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग होनी थी।

आप सूत्रों का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने भाजपा के इशारे पर डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी है। यह डॉक्यूमेंट्री आप नेताओं के जेल जाने पर बनी है और इसे आज सुबह 11:30 बजे दिखाया जाना था। दिल्ली भर के सिनेमाघर मालिकों को डॉक्यूमेंट्री न दिखाने की धमकी दी गई है। हम डॉक्यूमेंट्री दिखाएंगे, भाजपा आवाज नहीं दबा सकती है।

वहीं, डॉक्यूमेंट्री दिखाए जाने को लेकर दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस आयोजन के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इसलिए यह दिशा-निर्देशों का उल्लंघन होगा। हम सभी दलों से इस समय चुनाव नियमों और विनियमों का पालन करने का आग्रह करते हैं। चूंकि चुनाव घोषित हो चुके हैं, इसलिए राजनीतिक दलों को डीईओ कार्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से अनुमति के लिए आवेदन करना होगा। चुनाव के दौरान यह एक मानक प्रक्रिया है।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘आम आदमी पार्टी पर एक फिल्म बनी है। आज जहां इस फिल्म को पत्रकारों को दिखाया जाना था, वहां देखिए, कितनी भारी संख्या में पुलिस लगाकर भाजपा ने इस फिल्म को दिखाने से रोक दिया।भाजपा इस फिल्म से बुरी तरह से डरी हुई है। आखिर क्यों? भाजपा इस फिल्म को क्यों रोकना चाहती है? इस फिल्म में आखिर ऐसा क्या है जिससे भाजपा डरी हुई है? ये फिल्म पर्दे के पीछे के उन सब रहस्यों को उजागर करती है जब गलत तरीके से “आप” के नेताओं को गिरफ्तार किया गया था। ये भाजपा सरकार के गैर कानूनी और गैर संवैधानिक कामों को उजागर करती है।