मुजफ्फरनगर. परिवहन विभाग के द्वारा ई रिक्शा के रोड टैक्स को लेकर चलाए जा रहे अभियान से खफा होकर गांधी कालोनी निवासी एक ई रिक्शा चालक ने एआरटीओ कार्यालय पर अपने हाथ की नस को काट लिया। हाथ की नस काटने से वह लहूलुहान हो गया। घायल ई रिक्शा चालक ने एआरटीओ विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उधर हाथ की नस कटने पर एआरटीओ कार्यालय में हडकम्प मच गया। पुलिस एआरटीओ कार्यालय पर पहुंची और घायल ई रिक्शा चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
परिवहन विभाग के द्वारा रोड टैक्स को लेकर ई रिक्शाओं के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान में उन ई रिक्शाओं को सीज कर कार्रवाई की जा रही है जिन पर रोड टैक्स बकाया है। दो दिन में परिवान विभाग के अधिकारी और कर्मचारी करीब 50 से अधिक ई रिक्शाओं को सीज कर चुके है।
इस अभियान के दौरान कर्मचारियों ने गांधी कालोनी निवासी गगन कुमार की ई रिक्शा को पकड लिया। कर्मचारी ई रिक्शा को पकडकर एआरटीओ कार्यालय पर ले आए। इस दौरान गगन ने अपनी ई रिक्शा को छुडाने के लिए कर्मचारियों गुहार लगाई, लेकिन कर्मचारियों ने ई रिक्शा को छोडने से इंकार कर दिया। इस बात खफा होकर गगन ने अपने हाथ की नस को काट दिया। यह देख कर्मचारियों में हडकम्प मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल गगन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में अधिकारी और कर्मचारियों ने चुप्पी साधी हुई है।