नई दिल्ली। नवरात्रि के नौ दिनों में देवी मां की पूजा का विशेष विधान है। कलश स्थापना और ज्योत प्रज्ज्वलित करने के साथ ही लोग नौ दिनों में व्रत भी रखते हैं। इन नौ दिनों में देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा होती है। इन नौ स्वरूपों के लिए भोग, प्रसाद और पूजन विधि भी अलग होती है। इसके साथ ही हर दिन की देवी को खास रंग भी पसंद होता है। जिसे पहनकर पूजा करने से देवी मां खासतौर पर प्रसन्न होती हैं। तो चलिए जानें देवी मां के नौ दिनों की आराधना के लिए किन रंगों के कपड़े पहनने चाहिए।
नवरात्रि के पहले दिन पहनें पीला रंग
नवरात्रि के पहले दिन देवी शैलपुत्री की पूजा की जाती है। शैलपुत्री पर्वतराज हिमालय की पुत्री हैं। जिसकी वजह से इनका नाम शैलपुत्री पड़ा।
मां शैलपुत्री की पूजा और आराधना के लिए पीले रंग की प्रयोग किया जाता है। इसलिए नवरात्र के पहले दिन पीले रंग के कपड़े पहनकर देवी मां की पूजा करनी चाहिए। इससे पूजा सफल होती है।
नवरात्रि के दूसरे दिन पहने हरा रंग
नवरात्रि के दूसरे दिन देवी ब्रह्मचारिणी की आराधना की जाती हैं। इनकी पूजा में हरे रंग के कपड़े पहनने की विधान है। इससे मां प्रसन्न होती हैं।
नवरात्रि के तीसरे दिन पहनें ग्रे रंग
नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की आराधना की जाती है। इस दिन स्लेटी या ग्रे रंग के कपड़े पहनकर पूजा करनी चाहिए।
मां को ग्रे रंग काफी पसंद होता है। आप चाहें तो ग्रे रंग के साथ मिक्स एंड मैच कर खूबसूरत लुक पा सकते हैं।
नवरात्रि के चौथे दिन पहने नारंगी रंग
नवरात्रि के चौथे दिन देवी माता को नारंगी रंग बेहद पसंद आता है। इसलिए पूजा के दौरान या दिनभर नारंगी रंग के कपड़े पहन सकते हैं।
महिलाओं के साथ ही पुरुषों को भी रंगों का खास ध्यान नवरात्रि के दिनों में रखना चाहिए।
नवरात्रि के पांचवे दिन पहने सफेद
नवरात्रि का पांचवा दिन स्कंदमाता का है। इनको सफेद रंग बेहद पसंद है। इसलिए देवी मां को खुश करने के लिए आप सफेद रंग के कपड़े पहन सकते हैं।
नवरात्रि का छठा दिन
नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती हैं। इन्हें रंगों में लाल रंग पसंद होता है। मां की आराधना के लिए लाल रंग के कपड़े पहनने चाहिए।
श्रंगार के सामान में मां लाल रंग की चूड़ियों को पसंद करती हैं। वहीं पुरुषों को भी लाल रंग के वस्त्र धारण करने चाहिए।
नवरात्रि का सातवां दिन
नवरात्रि के सातवें दिन कालरात्रि की पूजा की जाती है। रात्रि के समय होने वाली इनकी विशेष पूजा में नीले रंग के कपड़े पहनने से देवी मां प्रसन्न होती हैं।
आप इस दिन नीले रंग के कपड़े पहन सकते हैं।
नवरात्रि का आठवां दिन
नवरात्रि के आठवें दिन महागौरी की पूजा होती है। इन्हें गुलाबी रंग बेहद पसंद है। पूरे दिन को शुभ बनाने के लिए आप गुलाबी रंग के परिधान को चुन सकते हैं।
माता रानी की पूजा में गुलाबी रंग के वस्त्रों को पहनने से विशेष कृपा की प्राप्ति होती है।
नवरात्रि का नौवां दिन
नवरात्रि के नौवे दिन मां को बैंगनी या जामुनी रंग बेहद पसंद आता है।
मां सिद्धिदात्री सब सिद्धियों को पूरी करती है। इसलिए अगर देवी मां को नवरात्रि के नौवें दिन प्रसन्न करना है तो बैंगनी रंग के कपड़ों को पहनें।