नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के नेतृत्व में किसानों का समूह 26 जून को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास का घेराव करेगा। इस बाबत बुधवार को किसानों ने घोषणा की। रक्षा मंत्री के आवास के घेराव से पहले वे नोएडा के सेक्टर-137 पारस टियरा गेट नंबर-2 के सामने धरना स्थल पर पहुंचकर महापंचायत करेंगे। यहां करीब 50 किसान संगठनों के सदस्य जुटेंगे।

किसानों का आरोप है कि सेक्टर-142 के शाहदरा निवासी और भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष किसान हातम सिंह भाटी की शहदरा में पुश्तैनी जमीन खसरा नंबर-169 पर करीब 60 दुकानें बनी थीं, जिस पर हाईकोर्ट इलाहाबाद का 2013 से यथास्थिति स्टे था, लेकिन स्टे के बावजूद भी नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने पुलिस बल की सहायता से 15 फरवरी, 2024 की सुबह बिना नोटिस दिए सभी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इसमें लगभग 70 लाख रुपये के सामान का नुकसान हुआ।

जैसे ही संगठन के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी हुई तो वहां पहुंचकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया, जो चार माह से लगातार जारी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि चार महीनों से किसान तपती धूप में हक के लिए लड़ रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण उनकी बातों को नहीं सुन रहा है। जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नही होगा, तब तक रक्षा मंत्री के दिल्ली स्थित आवास पर किसान डेरा डाले रखेंगे।

पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा रेखा सिवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट विजय प्रताप सिंह, प्रदेश अध्यक्ष हातम सिंह भाटी, प्रदेश अध्यक्ष युवा विपिन खारी, पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष संदीप भाटी, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश भाटी, महानगर अध्यक्ष योगेश वैष्णव, जिलाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर रामबीर भाटी, प्रदेश महासचिव दिलदार अंसारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।