मथुरा।  उत्तर प्रदेश के मथुरा लोकसभा सीट से भाजपा की हेमा मालिनी ने तीसरी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी मुकेश धनगर को 293407 मतों से हराया है। हेमा मालिनी को 510064 वोट मिलेगी। हालांकि 2019 के मुकाबले भाजपा को 7.58 प्रतिशत मत गिरने का नुकसान हुआ है। 2019 में 60.88 और 2024 में 53.3 प्रतिशत मत भाजपा के नाम रहे। चुनाव में 15 प्रत्याशी खड़े थे। इनमें से 12 की जमानत जब्त हो गई है। बसपा के सुरेश सिंह 188417 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे हैं। 4563 मत नोटा पर भी पड़े।

मंगलवार को हाईवे स्थित मंडी परिसर में कड़ी सुरक्षा में मतगणना सुबह सवा आठ बजे के करीब शुरू हुई। हेमा मालिनी पहले ही राउंड से विजयी बढ़त लेती हुई आगे चलीं। वहीं, कांग्रेस के मुकेश धनगर शुरुआत से दूसरे और बसपा के सुरेश सिंह तीसरे नंबर पर रहे। देर शाम आठ बजे करीब जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह की ओर से परिणामों का एलान किया गया।

इससे पूर्व शाम को पांच बजे करीब आई तेज आंधी और बारिश के कारण मतगणना पंडालों में अफरा-तफरी मच गई। करीब 20 मिनट तक मतगणना प्रभावित रही। जीत-हार के समीकरणों की बात करें तो इस चुनाव में कांग्रेस को 20 साल बाद अप्रत्याशित रूप से बढ़ मिली है। इसके चलते बसपा का गणित गड़बड़ा गया। वहीं, रालोद के साथ गठबंधन का फायदा भाजपा को भरपूर मिला। जिले की सभी पांचों विधानसभाओं में भाजपा आगे रही।