दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के तिलकेश्वर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला पर गंभीर आरोप लगा है। महिला पर आरोप है कि वह दो साल से एक नाबालिग लड़के के साथ जबरन शारीरिक संबंध बना रही थी। यह मामला तब प्रकाश में आया जब नाबालिग लड़के की मां ने तिलकेश्वर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
मामला एक पुराने दुष्कर्म केस से जुड़ा है। इस केस में महिला ने पहले आरोप लगाया था कि नाबालिग लड़के ने उसके साथ दुष्कर्म किया और एक अन्य युवक ने इसका वीडियो बनाया। लेकिन अब नाबालिग लड़के की मां ने महिला पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में नाबालिग की मां ने आरोप लगाया है कि महिला पिछले दो वर्षों से उनके बेटे का यौन शोषण कर रही थी। उन्होंने दावा किया कि 2022 में नए साल के दिन महिला उनके बेटे को कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में पूजा करने के बहाने अपने साथ ले गई थी। वापसी पर महिला ने कथित तौर पर लड़के को नशीला पदार्थ मिला हुआ जलेबी खिलाया और उसके नशे में होने पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, महिला ने इस घटना का एक वीडियो भी बनाया।
महिला ने कथित तौर पर वीडियो का इस्तेमाल करके लड़के को ब्लैकमेल किया और दो साल तक उसका यौन शोषण करती रही। महिला की इस हरकत की वजह से लड़का गुमसुम रहने लगा और उसकी पढ़ाई पर भी असर पड़ा। जब उसके माता-पिता ने उससे व्यवहार में बदलाव का कारण पूछा तो उसने आपबीती बताई।
लड़के की मां ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने महिला से बात की और उसे यह सब बंद करने के लिए कहा, तो उसने उन्हें रेप केस में फंसाने की धमकी दी। महिला ने कहा कि हमको इस काम करने से जो रोकेगा उसे रेप केस में फंसा देंगे।
थानाध्यक्ष अंकित चौधरी ने बताया कि नाबालिग की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।