बिजनौर। जनपद में कादराबाद थानाक्षेत्र के गांव खुशहालपुर में किसान ने आत्महत्या कर ली। यहां कर्ज के बोझ के तले दबे एक सिख किसान ने अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या की है। इस संबंध में किसान ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। सूचना पर सीओ व कोतवाल पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे ओर मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह गांव खुशहालपुर निवासी दलजीत सिंह (55) पुत्र जसवंत ने सुबह अपने घर में करीब साढ़े दस बजे लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वहीं मृतक की पत्नी कुलवंत कौर से मिली जानकारी के अनुसार घर में सब कुछ सामान्य था। कुलवंत कौर ने बताया कि अचानक उसके भाई का फोन आया कि जीजा कहां है? वह खुद को गोली मारने की बात कह रहा है। इतना सुनते ही वह दौड़ कर आगंन में पहुंची तब तक दलजीत खुद को गोली मार चुका था। पति को लहूलुहान देखकर महिला के होश उड़ गए। घटना से परिजनो में कोहराम मचा है, उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि किसान खेती करता था। उसके पास करीब 4 एकड़ खेती की भूमि है, वह उसी में कृषि कार्य करता था। मृतक ने अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चो को रोते बिलखते छोड़ा है। वहीं सीओ अर्चना सिंह व कोतवाल राजकुमार सरोज पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनो से आवश्यक जानकारी हासिल की। सीओ अर्चना सिंह ने बताया की मृतक किसान कर्ज से दबा था। सम्भवत उसी से परेशान होकर उसने अपने पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या की। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।