बिजनौर। नांगल थाने पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए संयुक्त किसान मजदूर के संगठन के जिलाध्यक्ष छतर सिंह और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। किसान संगठन के लोगों ने नांगल पुलिस को चेतावनी देते हुए 15 फरवरी को थाने पर महापंचायत करने का एलान कर दिया। जिलाध्यक्ष छतर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाने में महापंचायत करने का चेतावनी पत्र लगाने का प्रयास किया।

मंडावली थानाध्यक्ष सुदेशपाल सिंह और पुलिसकर्मियों ने जिलाध्यक्ष को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और किसान संगठन के लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने जिलाध्यक्ष छतर सिंह को पकड़कर हिरासत में ले लिया और अन्य किसानों को लाठी फटकार कर खदेड़ दिया। नांगल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि संयुक्त किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष छतर सिंह के खिलाफ कोतवाली शहर पुलिस के पास गैरजमानती वारंट है, जिसमें पुलिस को उनकी तलाश थी। उन्हें हिरासत लेकर बिजनौर पुलिस को सौंपा गया है।