लखनऊ। पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश पुलिस में आयु सीमा बढ़ा दी गई है। जनप्रतिनिधियों की मेहनत रंग लाई है, इस मामले में रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी, मुजफ्फरनगर के केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, शामली के विधायक प्रसन्न चौधरी, जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह, बुलंदशहर के विधायक संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर पुलिस भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने की मांग की थी। जिसके बाद यह फैसला किया गया है कि पुलिस भर्ती में आयु सीमा तीन साल बढ़ाई जाएगी जिसके आदेश आज देर रात तक जारी कर दिए जाएंगे।