चंडीगढ़। हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक 9.53 फीसदी मतदान हुआ। सबसे ज्यादा वोटिंग 12.71 फीसदी जींद जिला में हुई। वहीं सबसे कम वोटिंग पंचकूला जिला में हुई। यहां 4.08 प्रतिशत ही मतदान हुआ है। वोटिंग शाम 6 बजे तक होगी।

इससे पहले सोनीपत-पंचकूला में EVM मशीन खराब होने की शिकायत मिली। इससे वोटिंग आधे घंटे देर से शुरू हो पाई। वहीं रोहतक के महम से हरियाणा जनसेवक पार्टी (HJP) के उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक बलराज कुंडू ने कांग्रेस कैंडिडेट बलराम दांगी के पिता पर हमले का आरोप लगाया। धक्कामुक्की में उनके कपड़े फट गए। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने करनाल में अपने बूथ पर सबसे पहले वोट डाला। सीएम नायाब सिंह सैनी ने भी नारायणगढ़ में मतदान किया।

उधर, शूटिंग प्लेयर और ओलिंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर और पूर्व रेसलर विनेश फोगाट ने भी मतदान किया। मनु ने झज्जर में बताया, ‘मैंने पहली बार मतदान किया। सभी मतदाता सही कैंडिडेट चुनकर वोट डालें।’

इस चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भूतपूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस की विनेश फोगाट के अलावा जेजेपी के दुष्यंत चौटाला समेत कुल 1031 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। इनमें 464 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।

राज्य में पहली बार 5 राजनीतिक दल- कांग्रेस, भाजपा, जननायक जनता पार्टी (JJP), इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) और आम आदमी पार्टी (AAP) चुनाव मैदान में है। भाजपा और AAP को छोड़कर बाकी सभी दल दूसरे दलों के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं।

कांग्रेस ने CPI-M के साथ एक सीट पर गठबंधन किया है। वहीं जजपा, सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (ASP) के साथ, जबकि इनेलो, बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। सत्तारूढ़ बीजेपी राज्य में जीत की हैट्रिक लगाने की उम्मीद कर रही है, जबकि कांग्रेस एक दशक बाद वापसी की उम्मीद कर रही है।