नई दिल्ली : दिल्ली की कालकाजी सीट से बीजेपी उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बार उन्होंने दिल्ली की सीएम और आप नेता आतिशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने अपने चुनावी भाषण में कहा कि आतिशी गलियों में हिरनी के जैसी भागती फिर रही हैं। इससे पहले बीजेपी नेता ने प्रियंका गांधी के खिलाफ भी विवादित टिप्पणी की थी। इसके लिए उनकी काफी आलोचना भी हुई थी।

रमेश बिधूड़ी ने कालकाजी विधानसभा में अपनी रैली के दौरान आप पर हमलावर होते हुए कहा कि दिल्ली के लोग पीने के पानी के हाहाकार में अपना जीवन बिता रहे हैं। और कहीं थोड़ा बहुत मिलता है तो गंदा पानी मिलता है। आज चार साल से गोविंदपुरी के लोग नरक भोग रहे हैं। अब जब चार महीना चुनाव को रह गए हैं तो आतिशी जी गलियों में जैसे जंगल में हिरनी भागती फिरती है, ऐसे भागती फिर रही हैं।

इससे पहले उन्होंने प्रियंका गांधी के लिए विवादित बयान दिया था। जैसे ओखला और संगम बिहार की सड़कें बना दी हैं, वैसे ही कालकाजी में सारी की सारी सड़कें प्रियंका गांधी के गाल जैसी बना दूंगा। हालांकि रमेश बिधूड़ी ने बाद में इस बयान को लेकर माफी भी मांगी थी।

आपको बता दें कि पांच जनवरी को बिधूड़ी रोहिणी में भाजपा की परिवर्तन रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आतिशी पर तंज कसते हुए हमला बोला था। बिधूड़ी ने कहा था कि आतिशी ने अपना बाप बदल लिया है। वे अब मार्लेना से सिंह बन गई हैं। इन बयानों को लेकर आप और अन्य विपक्षी दलों ने रमेश बिधूड़ी समेत बीजेपी पर हमला बोला था।

पिता वाले बयान पर आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जवाब भी दिया था और वो अपनी बात रखते हुए भावुक भी हो गई थीं। आतिशी ने कहा था कि भाजपा नेता मेरे 80 साल के पिता को गालियां दे रहे हैं। मेरे पिता अभी गंभीर स्थिति में हैं कि बिना सहारे चल भी नहीं सकते हैं। इसके बाद आतिशी ने सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीति इतनी गंदी कैसे हो सकती है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि देश की राजनीति इतनी गिर सकती है।

उस दौरान आप संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर इस विवादित बयान का जवाब देते हुए कहा था कि बीजेपी के नेताओं ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी हैं। बीजेपी के नेता दिल्ली की सीएम को गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं। एक महिला मुख्यमंत्री का अपमान दिल्ली की जनता सहन नहीं करेगी।