लखनऊ। 15 जनवरी को मायावती लखनऊ में अपना जन्मदिन मनाने जा रही हैं। राजनीतिक गलियारों में ऐसे कयास लग रहे हैं कि इंडिया गठबंधन में शामिल होने पर कल वह अपना रुख स्पष्ट कर सकती हैं।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का जन्मदिन सोमवार को जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया जाएगा। पार्टी नेताओं ने बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन को मनाने के लिए पार्टी प्रदेश कार्यालय को होर्डिंगों से पाट दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि बसपा सुप्रीमो अपने जन्मदिन पर इंडिया एलायंस गठबंधन को लेकर अपनी रणनीति का खुलासा कर सकती हैं।
इसके अलावा बसपा सुप्रीमो अपनी पुस्तक ”मेरे संघर्षमय जीवन एवं बीएसपी मूवमेंट का सफरनामा” भाग-19 के हिंदी और अंग्रेजी संस्करण का विमोचन भी करेंगी। साथ ही, वह बसपा का मोबाइल ऐप और नई वेबसाइट को भी लांच कर सकती हैं। बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन पर कांग्रेस के नेता बधाई देने भी जा सकते हैं, हालांकि कांग्रेस की ओर से इसकी अधिकृत जानकारी अभी साझा नहीं की गयी है। इस दौरान बसपा सुप्रीमो लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी कोई अहम घोषणा कर सकती हैं।
बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन के एक दिन पहले अमरोहा से बसपा सांसद दानिश अली ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर दोनों दलों के बीच तल्खी बढ़ा दी है। बता दें कि दानिश अली को बसपा से निलंबित किया जा चुका है। उनकी कांग्रेस के खेमे से बढ़ती नजदीकी का असर दोनों दलों के रिश्तों पर देखने को मिल सकता है।