झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। चार भाइयों के इकलौते भाई की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। हादसा तब हुआ, जब वह अपनी बहन से मिलने उसकी ससुराल ललितपुर के गांव बिरधा जा रहा था। युवक की बाइक डिवाइडर से टकराई थी, जिसमें घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरल निवासी विवेक कुमार राजपूत (20) पुत्र अवधेश पिता के साथ खेती करता था। पिता का कहना है कि उनके पांच बच्चे थे। चार बड़ी बेटियां डॉली, रश्मि, रजनी, चांदनी हैं। सभी का विवाह हो चुका है। इनके बाद एक बेटा विवेक था। बीते रोज शाम को विवेक बाइक से बिरधा में अपनी बहन रजनी की ससुराल जा रहा था।
रास्ते में बबीना थाना क्षेत्र में सुकुवाँ-ढुकुवाँ के पास बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर से टकरा कर घायल हो गया। इस हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। उसके जाने के कुछ देर बाद उन्होंने कई बार फोन लगाया, मगर विवेक ने फोन रिसीव नहीं किया।
बहुत देर बाद किसी अनजान व्यक्ति ने फोन उठाया और हादसे की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही वह लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम करा दिया है।