पटना। सियासी हलचल के बीच गुरुवार को भाजपा ने अपने सभी विधायकों को पटना बुला लिया। उधर भाजपा बिहार के नेताओं के साथ आज फिर दिल्ली में बैठक कर रही है। भाजपा आलाकमान ने बिहार के सभी सहयोगी पार्टियों पर राय ली है। कई नेताओं के साथ शाम 4 बजे के बाद बैठक की सूचना आ रही है। पटना में नीतीश कुमार ने भी देर शाम अपने करीबी मंत्रियों और नेताओं की बैठक बुलाई है। लालू यादव पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास पर गुरुवार को भी मैराथन बैठक कर रहे थे और शुक्रवार को भी तेजस्वी यादव से बात कर रहे हैं। उनके विश्वस्त नेताओं के साथ बैठक बीच-बीच में हो रही है।
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने गुरुवार की रात पूर्व सीएम जीतन राम मांझी से मुलाकात को अनौपचारिक मुलाकात कहा। भतीजा अपने चाचा से मिलने आया है- यह कहा। लेकिन, अब जीतन राम मांझी ने अपनी बताई मियाद से आगे बढ़ते हुए कहा है कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार खत्म हो चुकी है। औपचारिकता बाकी है। जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज ही हो जाएगा का जी? खेला आउर का…। हालांकि, मांझी ने महागठबंधन में शामिल होने की बात को अफवाह बताया और कहा कि कुछ भी हो जाए राजद के साथ वह नहीं जाएंगे। यह सब अफवाह है।
कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा पर सीएम नीतीश कुमार का पीएम मोदी के प्रति आभार जताना और फिर मुख्यमंत्री का परिवारवार पर वार करना बिहार में नया राजनीतिक गुल खिला रहा है। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत टिप्पणी कर इस राजनीतिक अंकुर को सींच दिया। गुरुवार को कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री की डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से दूरी साफ दिखी। फिर सीएम आवास और राबड़ी आवास में अलग-अलग बैठकें। भाजपा विधायकों का पटना में जुटान। बड़े नेताओं का दिल्ली बुलावा। रात में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से भेंट। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान को भी अब दिल्ली बुलाना। यह सब हो चुका है।