नई दिल्ली। मौसम विभाग के मुताबिक मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। अगले पांच दिनों में बारिश की वजह से ठंड बढ़ सकती है। फरवरी के महीने में भी पहाड़ी में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश की वजह से अभी तक ठंड से राहत नहीं मिल पाई है। हालांकि कोहरे का असर अब कम ही देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 फरवरी के बाद से ठिठुरन से राहत मिलेगी। वहीं अभी कुछ दिनों तक सुबह-शाम की गलन बरकरार रहेगी।
स्काइमेट वेदर की मानें तो अगले 24 घंटे में सिक्किम,अरुणाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। अगले चार दिन तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, महाराष्ट्र में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की संभावना जताई गई है। केरल , तेलंगाना औऱ तमिलनाडु में भी 10 और 11 फरवरी को हल्की से मध्य बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक ठंड बरकरार रहेगी। इसके बाद न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी। हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी और शीतलहर की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में न्यूनतम तापमान 4 से 8 डिग्री के बीच रहेगा। पंजाब में भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।