हरियाणवी। हरियाणवी स्टेज डांसर सपना चौधरी पलवल के थाने में पेश हुईं। फरवरी 2023 में उनके खिलाफ भाभी ने दहेज उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए थे। अब 18 फरवरी, शनिवार को दहेज उत्पीड़न केस में आरोपी डांसर सपना चौधरी पलवल के महिला थाने में पेश हुईं और बयान दर्ज करवाया। सपना चौधरी का वीडियो भी सामने आया है जहां वह मास्क लगाए थाने में दिख रही हैं। बता दें सपना चौधरी की भाभी ने कुछ समय पहले डांसर और उनके भाई के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। आरोप है कि उन्होंने दहेज में क्रेटा कार की मांग की थी। सपना के भाई पर अप्राकृतिक रूप से यौन संबंध बनाने और शराब पीकर मारपीट के भी आरोप लगे हैं।
सपना चौधरी के भाई कर्ण की शादी हरियाणा के पलवल की रहने वाली महिला के साथ हुई थी। डांसर की भाभी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उन्हें ससुरालवालों ने दहेज के लिए परेशान किया। उनके पति ने नशे में मारपीट की और अप्राकृतिक रूप से यौन संबंध बनाए।
फरीदाबाद : दहेज उत्पीड़न केस में आरोपी डांसर सपना चौधरी पलवल के महिला थाने में पेश हुईं और बयान दर्ज करवाया #sapnachoudhary #haryana pic.twitter.com/wh52GGmOqO
— NBT Entertainment (@NBTEnt) February 18, 2023
सपना चौधरी के भाई दिल्ली के नजफगढ़ में रहते हैं। उनपर आरोप है कि जब उनके घर बेटी का जन्म हुआ तो छूछक में पूरे ससुरालवालों ने मंहगी चीजों की लिस्ट थमा दी। उन्होंने क्रेटा गाड़ी की मांग की। महिला का आरोप है कि उनके पिता ने 3 लाख की नकट और सोना चांदी के गहने दिए थे, इसके बावजूद ससुरालवालों ने उन्हें दहेज के लिए प्रताड़िता किया।
महिला ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने ससुरालवालों से परेशान होकर पिछले साल अपने परिवार के पास पलवल लौट आई हैं। उन्होंने महिला थाने में दर्ज शिकायत में पति कर्ण, सास नीलम, ननद सपना चौधरी और अन्य ससुरालवालों का नाम लिखवाया है। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।