लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय संघटक हृदय नाथ सिंह का मंगलवार को प्रातः डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। ये जानकारी उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक्स पर दी है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टीसीएम ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्रियों ने भाजपा कार्यालय में हृदय नाथ सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय संघटक हृदय नाथ सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को संबल प्रदान करें।

बीजेपी के वरिष्ठ नेता हृदयनाथ सिंह मूलत: उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले थे। हृदयनाथ सिंह झारखंड में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री के अलावा काशी और ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री रहे। इससे पहले वह अयोध्या और झांसी के विभाग प्रचारक रहे। हरदोई और पीलीभीत के जिला प्रचारक भी रहे। आपातकाल के दौरान उन्होंने काम किया और जेल भी गए। जौनपुर निवासी हृदयनाथ सिंह गोरखपुर में पढ़ाई के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) से जुड़े। इसके बाद वह आरएसएस के प्रचारक बन गए।