गाजीपुर। मुख्तार अंसारी की कब्र पर श्रद्धांजलि देने का सिलसिला लगातार जारी है। तमाम लोगों के साथ-साथ सपा के कई विधायक और नेताओं ने मुहम्मदाबाद के काली बाग कब्रिस्तान पहुंचकर मुख्तार अंसारी की कब्र पर मिट्टी दी और फूल चढ़ाया। इस दौरान कई जिले के नेताओं, विधायकों ने मुख्तार की कब्र पर दी श्रद्धांजलि।
गाजीपुर सदर सीट से सपा विधायक जय किशन साहू ने मुख्तार अंसारी की कब्र पर पहुंच श्रद्धांजलि दी। इसी तरह चंदौली की सकलडीहा सीट से सपा विधायक प्रभु नारायण यादव ने मुहम्मदाबाद पहुंच मुख्तार की कब्र पर श्रद्धांजलि दी। संभल के सपा नेता जहीर आलम भी काली बाग कब्रिस्तान पहुंचे और उन्होंने भी श्रद्धांजलि दी।
जहीर आलम ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मुख्तार अंसारी के परिवार में शोक व्याप्त है। मुख्तार के चाहने वाले सभी धर्म, सभी मजहब में थे। आलम के अनुसार मुख्तार के परिजन का आरोप है कि उनको (मुख्तार) को जहर दिया गया है। इसके बाद ही मुख्तार की मौत हुई। इस मामले में ठीक से जांच होनी चाहिए। सपा विधायक प्रभुनारायण यादव ने कहा कि मुख्तार अंसारी कई बार विधायक रहे और उनके साथ अच्छे रिश्ते थे। मुख्तार अंसारी के परिवार में देश को आजाद कराने के लिए कुर्बानियां दी हैं। मुख्तार अंसारी की मौत एक साजिश के तहत हुई है। समाजवादी पार्टी इसके खिलाफ आवाज उठाएगी।