आगरा| उत्तर प्रदेश के आगरा में बुधवार को एक बार फिर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव हुआ। इसमें कोच के शीशे टूट गए। पथराव से यात्री सहम गए। जानकारी पर आरपीएफ पहुंची तब तक शरारती तत्व भाग गए। घटना से यात्रियों में दहशत रही।

गाड़ी संख्या 20171 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन कमलापति स्टेशन से निजामुद्दीन चलती है। मनिया और जादू स्टेशन के बीच अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। इसमें कोच सी-7 की सीट संख्या 13 और 14 की खिड़की का शीशा टूट गया। अचानक पथराव होने से यात्री सहम गए और अफरातफरी मच गई।

पथराव से यात्री सीट छोड़कर दूसरे कोच में जाने लगे। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को पथराव में चोट नहीं लगी। इससे पहले भी वंदे भारत एक्सप्रेस पर कई बार पथराव की शीशों को तोड़ दिया है। रेलवे वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि मनिया स्टेशन के पास अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया था।

आगरा में बारिश से ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है। कई ट्रेनों का समय गड़बड़ा गया है। इसी के चलते उत्कल एक्सप्रेस 18 घंटे से अधिक लेट आई है। गतिमान एक्सप्रेस भी देरी से आई। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।

उत्कल एक्सप्रेस का आगरा कैंट स्टेशन पर मंगलवार दोपहर 3:48 बजे आने का समय है। लेकिन ये अगले दिन बुधवार को सुबह 9:53 बजे आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंची। इससे यात्री परेशान हो गए, कई ने अपनी टिकट ही निरस्त करा ली।

ऐसे ही गतिमान एक्सप्रेस भी देरी से आई। आगरा कैंट स्टेशन पर 9:50 सुबह आने का समय है, लेकिन ये 10:12 बजे पहुंची। इससे स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। रेलवे वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश के कारण कुछ ट्रेन देरी से चल रही हैं।