मंगलौर। रुड़की के मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में सुबह 8:00 बजे से मतदान शुरू हो गया है। विभिन्न स्थानों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइन लगी हुई है। वहीं प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस पीएससी के जवान तैनात हैं।

मंगलौर विधानसभा उप चुनाव में पहले एक घंटे में 9.00 बजे तक 8.74 प्रतिशत मतदान हुआ। उप चुनाव में 11 बजे तक 27.45 प्रतिशत मतदान हुआ। मंगलौर विधानसभा के उपचुनाव में लिब्बरहेडी के बूथ नंबर 54 पर कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी के समर्थक आपस में भिड़ गए। मंगलौर के लिब्बरहेड़ी गांव में बूथ संख्या 54 पर कुछ लोग मतदान करने के लिए जा रहे थे। जब वह मतदान केंद्र के परिसर में पहुंचे तो यहां पर पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनको वापस जाने के लिए कहा।

बताया गया कि वह लोग नहीं चाहते थे कि मतदान किया जाए। इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई। पुलिस कुछ समझ पाती, उससे पहले ही जमकर मारपीट हो गई। इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। जिससे यहां पर भगदड़ मच गई। पुलिस को इस बात की सूचना दी गई। इसके बाद एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, एसपी क्राइम पंकज गैरोला कई सीओ एवं थानाध्यक्ष को लेकर मौके पर पहुंच गए।

हंगामा कर रहे लोगों को लाठियां भांजकर खदेड़ा गया। पुलिस ने बताया कि चार लोग घायल हुए हैं। जिनके नाम शकील अहमद, शहबान और तौकीर हैं। मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। उपद्रवियों की तलाश शुरू कर दी गई है। लोगों को निर्भय होकर मतदान करने के लिए कहा जा रहा है।

भाजपा ने मंगलौर विधानसभा सीट से करतार सिंह भड़ाना को प्रत्याशी बनाया है। भड़ाना हरियाणा और उत्तर प्रदेश में विधायक रह चुके हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। जबकि कांग्रेस ने मंगलौर सीट से पूर्व विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन और बदरीनाथ सीट से लखपत बुटोला पर दांव लगाया है।