आगरा. आगरा में अग्निवीर भर्ती में शनिवार को 115 युवा स्टेरॉयड का इंजेक्शन लगाकर ​दौड़ लगाने पहुंचे। अधिकारियों ने जांच के दौरान युवकों को पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर युवाओं ने कहा, “एनर्जी बढ़ाने के लिए इंजेक्शन लगाया है। इंजेक्शन लगाने के बाद वो बिना थके दौड़ पूरी कर लेते हैं।”

ये युवा अलीगढ़ और एटा के बताए जा रहे हैं। फिलहाल अधिकारियों ने इन सभी को दौड़ से बाहर कर दिया। भविष्य में भी ये किसी भर्ती में शामिल न हो, इसके लिए कार्रवाई की जा रही है।

एक दिन पहले पुलिस ने आर्मी इंटेलिजेंस के इनपुट पर एक दलाल को भर्ती स्थल से पकड़ा था। उसके पास से सेना में भर्ती होने वाले युवाओं के आधार कार्ड मिले थे। वो युवाओं को सेना में भर्ती कराने के नाम पर धोखाधड़ी कर रहा था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

कीठम के आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में सेना भर्ती प्रक्रिया चल रही है। शनिवार को कई जिले के युवा दौड़ में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। सिविल मेडिकल टीम के एसीएम (प्रथम) राम प्रकाश और उपाधीक्षक विक्रांत द्विवेदी ने दौड़ से पहले युवाओं की जांच की।

इस दौरान अधिकारियों ने कुछ युवाओं के हाथों पर इंजेक्शन के निशान देखे। पूछने पर पहले तो सभी ने बहाना बनाया। जब उनसे सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने कहा, “एनर्जी बढ़ाने के लिए इंजेक्शन लगाया है। जांच में 115 युवा ऐसे मिले, जो इंजेक्शन के जरिए स्टेरॉयड लगाकर दौड़ लगाने पहुंचे थे।”

CMO डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि स्टेरॉयड का असर 5-6 घंटे रहता है। इतने टाइम तक स्टेरॉयड लेने वाला शख्स इनर्जेटिक रहता है। इसके बाद यूरिन के साथ इसका असर खत्म हो जाता है। उन्होंने बताया कि इसका स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। युवाओं को इस तरह का प्रयोग नहीं करना चाहिए।

आगरा जोन की अग्निवीर भर्ती में 1.75 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। 20 सितंबर रात 12 बजे से भर्ती प्रक्रिया चल रही है। भर्ती में बड़ी संख्या में युवाओं की भीड़ आने के चलते आगरा-दिल्ली हाईवे पर आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज के बाहर विशेष व्यवस्था की गई है।

मथुरा से आगरा की ओर आने वाले रोड पर 2 किमी तक एक लेन को बंद कर दिया गया है। कॉलेज के पहले वाले कट से वाहनों को दूसरी लेन पर डायवर्ट किया जा रहा है। एक ही लेन से दोनों तरह के वाहन निकाले जा रहे हैं। यहां पुलिस और जवानों को तैनात किया गया है।

अग्निवीर भर्ती में 12 जनपदों के युवा हिस्सा ले रहे हैं। 20 सितंबर को कासगंज की कासगंज, सहावर और पटियाली तहसील क्षेत्र के युवाओं ने हिस्सा लिया। आगरा समेत अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी, एटा, मथुरा आदि जनपदों से युवा भर्ती में हिस्सा ले रहे हैं।

30 सितंबर को मुजफ्फरनगर के चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती परीक्षा में ड्रग्स लेकर दौड़ लगाने आए 50 अभ्यर्थी पकड़े गए थे। युवकों को भर्ती से बाहर निकाल दिया गया था। शुक्रवार को भर्ती स्टेडियम में अमरोहा जिले के युवाओं ने प्रतिभाग किया। दौड़ से पहले जिला अस्पताल की मेडिकल टीम ने इन युवकों को पकड़ा है। डॉक्टरों का कहना है कि खतरनाक ड्रग्स लेकर युवा भर्ती में शामिल होने पहुंचे थे, जिन्हें बाहर किया गया है। युवकों ने इंजेक्शन खुद ही लगाए थे।

इम्यून रिस्पॉन्स खराब होता है।
इंफेक्शन का खतरा बढ़ता है।
मांसपेशियां कमजोर होती हैं।
शुगर लेवल बढ़ जाता है।
ब्लैक फंगस का खतरा है।
ब्लड प्रेशर हाई होता है।