नई दिल्ली: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा ने घोषणा की है कि वह चल रहे रणजी ट्रॉफी सीजन के बाद संन्यास लेने वाले हैं। बंगाल के लिए खेलने वाले साहा ने कहा है कि वह अपनी राज्य टीम का प्रतिनिधित्व करने के बाद संन्यास ले लेंगे। 40 साल के साहा ने 2010 में भारत के लिए डेब्यू किया था। 2021 से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। रिद्धिमान साहा आईपीएल 2025 में ही हिस्सा नहीं लेंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो उन्होंने मेगा ऑक्शन के लिए अपना नाम नहीं दिया है।

बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले रिद्धिमान साहा ने सोशल मीडिया पर संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने लिखा, ‘क्रिकेट में एक प्यारे सफर के बाद यह सीजन मेरा आखिरी होगा। मुझे बंगाल का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान मिला है, मैं संन्यास लेने से पहले केवल रणजी ट्रॉफी में खेलूंगा। इस अविश्वसनीय सफर का हिस्सा रहे सभी लोगों को धन्यवाद। आइए इस सीज़न को यादगार बनाएं।’

रिद्धिमान साहा ने 2007 से बंगाल के लिए खेल रहे हैं। वह 2022 में त्रिपुरा चले गए। दो साल तक त्रिपुरा का प्रतिनिधित्व करने के बाद, वह 2024 में एक आखिरी बार बंगाल के लिए खेलने वापस आए। वह चल रहे रणजी ट्रॉफी सीजन के तीन में से दो राउंड खेल चुके हैं। साहा पहले राउंड में यूपी के खिलाफ मैच में शून्य पर आउट हो गए थे और तीसरे राउंड में केरल के खिलाफ टीम की एकमात्र पारी में बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला।

रिद्धिमान साहा ने भारत के लिए 40 टेस्ट मैच खेले हैं। अपने करियर में उन्होंने 1353 रन बनाए। इसमें तीन शतक भी शामिल हैं। इसके अलावा 9 वनडे मैच में उनके बल्ले से 41 रन निकले। फर्स्ट क्लास क्रिकेट की बात करें तो 138 मैच में 7013 और लिस्ट ए में 116 मैच में 3072 रन बनाए। वह 2011 और 2022 में आईपीएल भी जीत चुके हैं। आईपीएल फाइनल में शतक लगाने वाले साहा पहले बल्लेबाज हैं। 170 आईपीएल मैच में उन्होंने 2934 रन बनाए हैं।