बिजनौर: कस्बे में एक तीन साल की बच्ची की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बच्ची का गला कटा शव एक बंद मकान में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार दोपहर से लापता थी। इसके अलावा बच्ची के साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। अब पुलिस जांच में जुटी है।बता दें किरतपुर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति मजदूरी करता है। उसकी तीन साल की बेटी शुक्रवार दोपहर घर पर खेल रही थी। वह नमाज पढ़ने के लिए चला गया। वापस लौटा, तो बच्ची गायब मिली। स्वजन ने उसकी तलाशी की, लेकिन पता नहीं चल सका।
शुक्रवार शाम मोहल्ला मुगलान में जुबैर के बंद मकान के पास वाली छत पर कुछ बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। उन्होंने बंद मकान के चौक में बनी कोठरी में एक बच्ची का शव देखा। लोगों ने अंदर जाकर देखा तो शव लापता बच्ची का था। जानकारी पर एएसपी सिटी डा. प्रवीण रंजन सिंह, सीओ नजीबाबाद गजेंद्रपाल और थाना प्रभारी किरतपुर मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
ये भी बताया जा रहा है कि, बच्ची की हत्या धारदार हथियार से गला काटकर की गई थी। उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। आशंका है कि दुष्कर्म की कोशिश में बच्ची की हत्या की गई है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। नशेड़ी युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जुबैर काफी समय से बाहर रहता है, तभी से उसका मकान बंद है। मकान में जाने के गेट को बंद कर रखा है। मकान की एक साइड में आठ फीट की दीवार है। उस दीवार पर जाने के लिए पहले चार फीट की दीवार पर चढ़ना होगा। तब आठ फीट की दीवार पर पहुंचा जाएगा। इसके बाद ही मकान में जा सकता है। संभावना है कि हत्यारोपित दोनों दीवारों पर चढ़ने के बाद ही अंदर गया है। उसने पहले बच्ची को चढ़ाया है या गिराया है। शंका है कि इस अपराध में एक से अधिक दरिंदे हो सकते हैं। पुलिस आसपास के नशेड़ी गैंग पर भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि बच्ची को कोई लालच देकर यहां लाया गया है।