नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल चुका है। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में फेंगल चक्रवात की वजह से बारिश हुई है। मौसम विभाग ने कल भी तमिलनाडु और केरल के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और बिहार समेत उत्तर भारत के राज्यों में ठंड का आगाज हो चुका है। आने वाले कुछ दिनों में इन राज्यों में तापमान और कम हो सकता है। वहीं पहाड़ों में बर्फबारी का भी सिलसिला जारी है। जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा।
दिल्ली में दिसंबर के पहले हफ्ते में मौसम सामान्य रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते दिल्ली का पारा 26 डिग्री से कम होने के आसार नहीं हैं। आईएमडी के अनुसार कल दिन के समय मौसम साफ रहेगा। शाम को हल्की स्मॉग और कोहरा छा सकता है। अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रह सकता है। सुबह के समय हल्का कोहरा और स्मॉग रहेगा। इसके बाद 5 दिसंबर को तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। स्काईमेट के अनुसार ठिठुरन भरी ठंड के लिए 12 से 15 दिसंबर के बाद तक इंतजार करना पड़ सकता है।
शहर | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
---|---|---|
दिल्ली | 11 | 27 |
नोएडा | 10 | 25 |
गाजियाबाद | 12 | 26 |
पटना | 14 | 27 |
लखनऊ | 11 | 29 |
जयपुर | 15 | 24 |
भोपाल | 10 | 27 |
मुंबई | 23 | 33 |
अहमदाबाद | 18 | 30 |
जम्मू | 10 | 24 |