चंडीगढ़। हरियाणा की 90 विधानसभाओं के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा, कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट और जजपा के दुष्यंत चौटाला सहित 1027 अन्य उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार राज्य की सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस एक दशक के बाद सरकार में वापसी की उम्मीद कर रही है। आपको बता दें कि मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

भाजपा नेता और पूर्व पहलवान बबीता फोगाट ने कहा, ’मैं बस इतना कहना चाहूंगी कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए और वोट करना चाहिए। मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं है। कोई भी कभी भी किसी पार्टी में शामिल हो सकता है, हो सकता है कि उसने (विनेश फोगाट) पहले ही पार्टी (कांग्रेस) में शामिल होने के बारे में सोच लिया हो। हर किसी का अपना फैसला होता है।’

पंचकूला से भाजपा उम्मीदवार ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा, ’मैं मतदाताओं से अपील करूंगा कि वे मतदान जरूर करें और लोकतंत्र को मजबूत करें। आज मैंने अपने परिवार के साथ मतदान किया है। मुझे उम्मीद है कि पंचकूला की जनता मुझे दोबारा सेवा करने का मौका देगी। कुमारी शैलजा का अपमान करने के लिए भूपेंद्र हुड्डा ने अशोक तंवर को पार्टी में शामिल किया है, यह उनकी अंदरूनी राजनीति है।’

भिवानी के तोशाम से कांग्रेस उम्मीदवार अनिरुद्ध चौधरी ने कहा, ’बहुत अच्छा माहौल है। कांग्रेस पार्टी की सरकार आ रही है। लोगों ने कांग्रेस पार्टी को जिताने का मन बना लिया है। कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है और तोशाम से कांग्रेस जीतेगी।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के मतदाताओं से 90 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए शनिवार को जारी मतदान में रिकॉर्ड संख्या में वोट डालने का अनुरोध किया। प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे युवा मतदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘मैं सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेने और मतदान का एक नया रिकॉर्ड बनाने की अपील करता हूं।’

कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। शैलजा ने कहा, ’हमारी पार्टी फैसला करती है, यह हमारी परंपरा है। आज हरियाणा की किस्मत बदलेगी। आज एकतरफा मुकाबला है और लोग यह दिखा भी रहे हैं। कांग्रेस पार्टी और हम नीति और नेतृत्व पर मजबूत हैं। हम राज्य की सभी 90 सीटें जीतने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।’

हरियाणा के मुख्यमंत्री और लाडवा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार नायब सिंह सैनी ने कहा, ’मैं हरियाणा की जनता से अनुरोध करूंगा कि मतदान जरूर करें। हरियाणा का मूड साफ दिख रहा है कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बन रही है। 10 साल में डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा में जबरदस्त काम किया है। कांग्रेस झूठ और लूट की राजनीति करती है, हरियाणा ने मन बना लिया है कि तीसरी बार भाजपा की सरकार बन रही है।’