लखनऊ। केंद्र के एलान के बाद राज्य सरकार भी अपने कर्मचारियों का डीए बढ़ा सकती है। केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) 4 फीसदी बढ़ाया गया है। अब केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 50 फीसदी हो गया है। केंद्र की घोषणा के बाद राज्य सरकार भी होली से पहले कर्मचारियों का डीए बढ़ाने का फैसला कर सकती है। वित्त विभाग के सूत्रों के मुताबिक सोमवार को इस संबंध में फाइल शासन भेजी जाएगी, जहां इस मामले में चर्चा की जाएगी। डीए बढ़ने का लाभ करीब 16 लाख राज्य कर्मचारियों और लगभग 12 लाख पेंशनरों को मिलेगा।
केंद्र सरकार में लगभग एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनरों को पहली जनवरी से देय महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की वृद्धि की सौगात मिल गई है। गुरुवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में डीए/डीआर की दरों में 4 फीसदी की बढ़ोतरी पर मुहर लगी है। इस वृद्धि के साथ ही डीए की मौजूदा दर 46 से 50 प्रतिशत पर पहुंच गई है। नियम है कि डीए की दर 50 प्रतिशत के पार होने पर वेतनमान और अन्य भत्तों में भी बढ़ोतरी हो जाती है। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारी संगठन भी सरकार पर आठवें वेतन आयोग गठित करने का दबाव डाल सकते हैं।