मुम्बई। विवेक अग्निहोत्री सिनेमा, समाज, राजनीति और मीडिया पर अपने बेबाक विचारों के लिए जाने जाते हैं। द कश्मीर फाइल्स के डायरेक्टर ने एक बार फिर पठान के बेशरम रंग गाने को लेकर हालिया विवाद पर एक ट्वीट पोस्ट किया। इस बार विवेक के निशाने पर शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण थीं। उन्होंने बिकिनी में दीपिका की तस्वीर शेयर कर चेतावनी भी जारी की है।

फिल्म मेकर विवेक अग्निहोत्री ने अपने पोस्ट को कैप्शन दिया, ‘चेतावनी: बॉलीवुड के खिलाफ #PnV वीडियो। अगर आप सेक्युलर हैं तो इसे न देखें।’ विवेक अग्निहोत्री ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें एक बच्ची बॉलीवुड फिल्मों और ओटीटी के कंटेंट पर सवाल उठाती नजर आ रही है। साथ ही वो साफ-सुथरा कंटेंट दिखाने की भी अपील कर रही है। देखते ही देखते विवेक का ये ट्वीट वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जाने लगा।

विवेक के इस ट्वीट पर लोगों ने उनकी क्लास लगा दी। एक यूजर ने उनकी फिल्म हेट स्टोरी का पोस्ट शेयर करके उसपर लिखा- ये आपने ही डायरेक्ट की थी न? तब ख्याल नहीं आया अश्लीलता का। एक अन्य ने उनका ही पुराना बयान शेयर किया। जिसमें उन्होंने कहा था- समय आ गया है कि हम इस देश में बच्चों के लिए कामुक थ्रिलर बनाएं। अगर आपने कामुक कला नहीं की है तो आप पूर्ण कलाकार नहीं हैं। एक यूजर ने एक दूसरी बच्ची का भी वीडियो शेयर किया जिसमें विवेक के लिए मैसेज था।

बता दें कि शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म पठान 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म का टीजर और दो सॉन्ग रिलीज हो चुके हैं। पहले गाना ‘बेशरम रंग’ को लेकर तो देश में गजब का हाहाकार मचा हुआ है। लोगों को दीपिका पादुकोण के भगवा बिकिनी पहनने पर आपत्ति है। उनका कहना है कि फिल्म से ये सीन हटाए जाएंगे तभी फिल्म रिलीज हो पाएगी। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही फिल्म का ट्रेलर भी दर्शकों के सामने आ सकता है।