नई दिल्‍ली: मेट्रो को दिल्ली की लाइफलाइन कहा जाता है, मगर अब यहां मनोरंजन की भी कमी नहीं! रोज दिल्‍ली मेट्रो के जैसे वीडियो आ रहे हैं, उसे देखकर सोशल मीडिया पर लोग यही लिखने लगे हैं। ताजा वीडियो आंटियों और नौजवान कपल के बीच लड़ाई का है। यह साफ नहीं कि वीडियो कब का और किस मेट्रो लाइन का है, मगर बहस का मजमून समझ में आता हैं। ऐसा लगता है कि आंटियों को कपल के रोमांस से दिक्‍कत थी। उन्होंने आपत्ति जताई तो पहले लड़के ने जवाब दिया। फिर लड़की ने भी आवाज उठाई। आंटियों और उस लड़के के बीच तो बेहद तीखी बहस हुई। करीब सवा मिनट का यह वीडियो अब ट्विटर पर चर्चा का विषय बन गया है। लोग आंटियों की ‘मॉरल पुलिसिंग’ से नाराज हैं तो कई यूजर्स ने उनका समर्थन भी किया है। आप भी वीडियो देखिए और खुद तय कीजिए कि कौन सही है।

ट्विटर पर कई लोगों ने यह वीडियो शेयर किया। पहली नजर में मालूम होता है कि आंटियों को शायद कपल के बिहेवियर से प्रॉब्लम थी। आंटियों ने लड़का-लड़की के खड़े होने के तरीके पर आपत्ति की। एक वक्त पर आंटियां दोनों से कहती हैं कि ‘बड़े बदतमीज हो तुम लोग।’ लड़का जवाब देता है कि ‘अपने काम से काम रखो आप!’