मुजफ्फरनगर। डेंगू लगातार लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। एहतियात बरतने के बाद भी लोग डेंगू बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। अस्पतालों में डेंगू वार्ड के सभी बेड फुल हो चुके हैं। जिले में डेंगू तेजी से पैर पसार रहा है।

डेंगू तेजी से लोगों को अपना शिकार बना रहा है। मंगलवार को भी सात नए मरीज डेंगू पॉजीटिव पाए गए। अब मरीजों की कुल संख्या 240 पर पहुंच गई है। जिला चिकित्सालय में डेंगू वार्ड के सभी बेड फुल हो गए हैं। एक बेड पर दो-दो मरीजों की भर्ती कराई जा रही है।

मंगलवार को भी शहरी क्षेत्र सहित अलग-अलग ब्लॉक में डेंगू पॉजिटिव के सात मरीज सामने आए। इनमें एक मोरना, एक बकरा, एक खतौली, एक पुरकाजी, 2 मेगा खेड़ी और एक शहरी क्षेत्र का मरीज शामिल है। पिछले तीन दिन से लगातार डेंगू के सात सात मरीज सामने आ रहे हैं। अब तक 240 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं।

भारतीय मानव अधिकारी संरक्षण संघ ने बढ़ती बीमारियों को लेकर बैठक की। इंदिरा कॉलोनी में हुई बैठक की अध्यक्षता नगराध्यक्ष वीरेंद्र सैनी ने की। इस दौरान बढ़ते डेंगू के प्रकोप को लेकर चिंता जताई गई। संघ के पदाधिकारी ने कहा कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन को जगह-जगह शिविर लगाने चाहिए जिसमें समाज सेवी और संस्थाओं की मदद ली जाए। मच्छर की रोकथाम के लिए भी कोई व्यवस्था की जाए। सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा इकट्ठा ना किया जाए। इस मौके पर नरेंद्र मित्तल, डॉ राधाकृष्णन, विशाल कुमार, मोहित पाल, अशोक कुमार, सचिन कुमार मौजूद रहे।