दिल्ली। दिल्ली के साकेत से दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है। यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड पर चाकू से हमला कर दिया। युवक ने लड़की पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
दिल्ली के साकेत में 12 अक्टूबर को एक युवक ने गर्लफ्रेंड पर चाकू से हमला कर दिया। उसने लड़की पर चाकू से कई वार किए, इससे लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस आरोपी गौरव पाल को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गौरव पाल यूपी के गाजियाबाद जिले का रहने वाला है और गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। आरोपी और पीड़िता दो साल से रिलेशनशिप में थे, लेकिन कुछ दिनों से लड़की गौरव को इग्नोर कर रही थी। लड़की उससे रिश्ता खत्म करना चाहती थी, इस बात से गौरव नाराज था।
गौरव ने 12 अक्टूबर को लड़की को अपने घर के पास मिलने के लिए कहा। यहां दोनों का झगड़ा हुआ। कुछ देर बाद लड़की ने कैब बुक की। जब वह कैब की तरफ जा रही थी तो आरोपी ने चाकू निकाला और लड़की पर हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, लड़की की पहचान चंद्रिका मलिक के रूप में हुई है। वो कैब में बैठकर इंटरव्यू देने जा रही थी। इसी दौरान उसका बॉयफ्रेंड आया और उसके साथ जबरन कैब में बैठ गया। कुछ देर बाद उसने अपनी जेब से चाकू निकाला और लड़की पर हमला कर दिया।
इस घटनाक्रम के दौरान ड्राइवर ने कैब रोककर शोर मचाया। जिसके चलते मौके पर लोग इकट्ठे हो गए और आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने लड़की का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है।
पुलिस ने मामले में बताया कि उन्हें सुबह करीब 6.30 बजे लाडो सराय से एक पीसीआर कॉल आई थी। फोन करने वाले ने हमें बताया कि एक लड़की पर शख्स ने चाकू से हमला किया है। लड़की की हालत गंभीर है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।