नोएडा। नोएडा में घर आकर 10 साल की बच्ची को संगीत और नृत्य सिखाने वाला शिक्षक कंप्यूटर पर पॉर्न वीडियो दिखा रहा था। आरोपी हर दिन नए-नए वीडियो कंप्यूटर पर अपलोड करता था। मां ने वीडियो देखते हुए बेटी को पकड़ा जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया। अभिभावकों की शिकायत पर कोतवाली फेज-3 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी शिक्षक तुर्कमान गेट दिल्ली निवासी सैमुअल अनुराग को गिरफ्तार कर लिया है।

मूल रूप से बिहार निवासी परिवार सेक्टर-121 स्थित बिल्डर सोसाइटी में रहता है। सोसाइटी निवासी प्रोजेक्ट इंजीनियर की 10 साल की बेटी निजी स्कूल में छठी क्लास में पढ़ती है। बच्ची को संगीत और नृत्य का शौक है। इस कारण अभिभावकों ने घर पर ही सिखाने के लिए म्यूजिक व डांस टीचर रखा था। म्यूजिक टीचर डांस क्लास के दौरान बच्ची को कंप्यूटर पर पॉर्न वीडियो दिखा रहा था। कई दिनों तक सिलसिला चलता रहा। मंगलवार को बच्ची कंप्यूटर पर अकेले वीडियो देख रही थी। तभी उसकी मां ने देख लिया।

मां ने बच्ची से कड़ाई से पूछताछ की। जिसके बाद उसने बताया कि म्यूजिक टीचर उसे रोजाना इस तरह का वीडियो दिखाता था। परिजनों ने मंगलवार देर शाम को कोतवाली फेज-3 पुलिस से मामले की शिकायत की। नोएडा सेंट्रल की एसीपी दीक्षा सिंह के मुताबिक कोतवाली फेज-3 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी सैमुअल अनुराग करीब एक वर्ष से दिल्ली से नोएडा आकर बच्ची को गीत और संगीत का प्रशिक्षण देता था। अभिभावक उसे 3000 प्रति महीने फीस देते थे। परिजनों को पिछले कुछ दिनों से आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध लग रही थी। लेकिन वह कुछ तय नहीं पा रहे थे। इस मामले का खुलासे के बाद परिजनों ने पुलिस से आरोपी शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

माता-पिता बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी जरूर दें। बच्चे के बदलते व्यवहार पर नजर रखें। बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार रखें कि वह हर बात शेयर करें। उनसे गलती हो जाने पर भी अभिभावकों से साझा कर सकें। बच्चों को शरीर के अंगों के बारे में बताएं और उसे अपने अंगों के भले बुरे की जानकारी दें। इसके साथ ही बच्चों के मोबाइल व कंप्यूटर आदि के इस्तेमाल पर नजर रखें। उन्हें सही और गलत की पहचान कराएं। बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना भी जरूरी है। बच्चों के मन से डर दूर करें और उन्हें नहीं कहना सिखाएं।