नोएडा। नोएडा में रबूपुरा के मोहल्ला आजाद नगर में सुबह परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। रिजवान (24) का निकाह होना था। आंख में फुंसी होने पर इलाज कराने के लिए कस्बे के ही झोलाछाप के पास गया था।

झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के बाद रिजवान की हालत बिगड़नी शुरू हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। वह अपने परिवार में इकलौता बेटा था। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है। वहीं पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच की बात कही है।

मोहल्ला आजाद नगर निवासी युवक रिजवान (24) की का निकाह बुलंदशहर के गांव जलीलपुर से होना था। परिवार में खुशी का माहौल था। रिजवान की आंख के पास फुंसी हो गई थी। रिजवान फुंसी का उपचार करने के लिए कस्बे के ही एक झोलाछाप के पास गया। झोलाछाप ने रिजवान के इंजेक्शन लगा दिया।

बताया जाता है कि रिजवान के इंजेक्शन लगाने के बाद से अचानक से उसकी तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे पहले झांझर स्थित चिकित्सक के पास ले गए। जहां से उसे बुलंदशहर के लिए रेफर कर दिया गया। बुलंदशहर में भी रिजवान की गंभीर हालत को देखते हुए इसे ग्रेटर नोएडा के लिए रेफर कर दिया गया। ग्रेटर नोएडा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही झोलाछाप फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने लिखित में कार्रवाई नहीं करने की बात कही है। अगर वह कोई शिकायत करते है तो जांच की जाएगी। रिजवान के जन्म देने के साल भर बाद ही मां की मौत हो गई थी। पिता रफीक ने रिजवान को पाला था। बेटे के निकाह के लिए जमकर तैयारी की जा रही थी। मोहल्ले में भी रिजवान के निकाह को लेकर काफी खुशी का माहौल था।