मुरादाबाद। मुरादाबाद में एक टेलीकॉम कंपनी के अफसर पर महिलाकर्मियों ने छेड़खानी का आरोप लगाया है। पीड़िताओं ने अफसर की मनमानी का विरोध किया तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कटघर क्षेत्र में रहने वाली एक महिला कर्मचारी ने अपने प्रार्थनापत्र में बताया कि वह डेढ़ साल से टेलीकाम कंपनी में कार्यरत है। कंपनी में सीनियर मैनेजर महिला कर्मचारियों पर गलत नजर रखता है। काम करते समय अभद्र टिप्पणी व इशारे करता है।

हर माह की पहली व दूसरी तारीख को कंपनी की ओर से पार्टी दी जाती है। एक मई को भी एक रेस्टोरेंट में पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में पीड़िता और अन्य महिला कर्मचारी भी मौजूद थीं। आरोप है कि अफसर ने महिला कर्मचारी के साथ छेड़खानी का प्रयास किया।

विरोध करने पर उसे धमकी दी। इसके बाद पीड़िता अपने घर चली गई थी। 16 मई को उसने अपने केबिन में पीड़िता और एक अन्य महिला कर्मचारी बुलाकर दोनों से छेड़खानी की थी। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय में की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर सोमवार को पीड़िता ने यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली।

पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पीड़िताओं से पूछताछ की। इसके बाद गलशहीद थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। सीनियर मैनेजर ने पुलिस को बताया कि उस पर लगे आरोप झूठे हैं। महिला कर्मचारी अपने टारगेट को पूरा नहीं कर पाई थीं, इसलिए गलत आरोप लगा रही हैं। थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि मामले जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।