मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। कपल पूरी तरह से अपने पहले बच्चे का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। अब वह शुभ घड़ी आ गई है, जब जल्द ही उनके पहले बच्चे के आगमन की खुशखबरी प्रशंसकों को मिल जाएगी। जी हां, यह पहले से पता है कि दीपिका और रणवीर इस महीने ही यानी सितंबर में पहले बच्चे का स्वागत करेंगे। वहीं, अब दोनों को बच्चे की डिलीवरी के लिए अस्पताल जाते हुए देखा गया, जिसका मतलब है कि अब कभी भी नन्हे मेहमान के आगमन की खुशखबरी मिल सकती है।
अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को आज शनिवार, 7 सितंबर को पैपराजी द्वारा स्पॉट किया गया, जब वह अपनी मां उज्जला पादुकोण और पति रणवीर सिंह के साथ मुंबई के एक अस्पताल पहुंचीं। बच्चे के आगमन से पहले रणवीर और दीपिका को अपनी लग्जरी कार में मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में आते हुए देखा गया। वे शाम करीब पांच बजे रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में दाखिल हुए। इस नजारे को देख प्रशंसकों का कहना है कि अब कपल को बधाई देने का समय आ गया है।
दीपिका इस महीने अपने पति रणवीर सिंह के साथ अपने पहले बच्चे को जन्म देने की उम्मीद कर रही हैं। हाल ही में उन्हें अपने पूरे परिवार के साथ मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन करते हुए देखा गया था। अस्पताल जाने से एक दिन पहले यात्रा के दौरान रणवीर के साथ शामिल होने के दौरान अभिनेत्री हरे रंग की बनारसी साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
दीपिका और रणवीर ने कुछ दिन पहले एक खूबसूरत मैटरनिटी शूट भी शेयर किया था। मोनोक्रोम तस्वीरों में यह जोड़ा माता-पिता बनने की खुशी में झूमता हुआ दिखाई दे रहा था। उन तस्वीरों पर प्रशंसकों ने भी जमकर प्यार बरसाया था। वहीं, अब उनका अस्पताल जाते हुए वीडियो वायरल हुआ, जिसे देख फैंस काफी उत्साहित हैं। हालांकि, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि दीपिका नियमित जांच के लिए अस्पताल गई हैं या वे आज-कल में खुशखबरी देने वाली हैं।
अभिनेत्री अपनी गर्भावस्था की घोषणा करने के बाद काम से ब्रेक पर हैं। उन्हें आखिरी बार ‘कल्कि 2898 एडी’ के प्रचार कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए देखा गया था। फिल्म में उन्होंने प्रभास और अमिताभ बच्चन के साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। दीपिका के पास आगामी फिल्म ‘सिंघम अगेन’ है, जिसमें वे शक्ति शेट्टी के रूप में रोहित शेट्टी की पुलिस-यूनिवर्स में प्रवेश कर रही हैं।